रायगढ़। फिल्म पुष्पा की तर्ज पर रात के अंधेरे में अवैध लकडिय़ों की तस्करी होने जा रही थी। एक गाड़ी में लकडिय़ां भरी हुई थीं, लेकिन तभी वन अमले को इसकी भनक लग गई। वन अमले ने मौके पर जांच की तो गाड़ी में लदे सरई लकड़ी गोला के अलावा बड़ी मात्रा में बिखरी हुई अवैध लकडिय़ां मिलीं। इसे जब्त कर वन अमले ने बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात करीब 10 बजे घरघोड़ा वन अमला को मुखबिर से सूचना मिली कि, भेंड्रा रोड पर 18 चक्का एक ट्रक में अवैध लकड़ी लोड है। जिसके बाद वनकर्मियों ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी और वन अमला ने मौके पर दबिश दी। जहां जांच में पाया कि ट्रक में सरई का गोला लोड है। उसके आसपास काफी संख्या में सरई और खैर का गोला बिखरा पड़ा है। इसके बाद वन अमला ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को पकड़ लिया।
लंबे समय से की जा रही थी तस्करी
इतने बड़े पैमाने पर अवैध साल गोला के मिलने से आशंका जताई जा रही है कि, लकड़ी तस्करी लंबे समये से की जा रही थी। बेखौफ होकर यार्ड की तरह दिखने वाले खुले स्थान पर लकडिय़ों को रखा गया था। बताया जा रहा है कि, आसपास के साथ ही धरमजयगढ़ वन मंडल के जंगल से भी अवैध कटाई की गई होगी। इस मामले में धरमजयगढ़ डीएफओ स्टायलो मंडावी ने बताया कि, काफी मात्रा में साल और खैर के अवैध गोला को पकड़ा गया है। ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही वाहन को राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी। अभी जब्त लकडिय़ों का आकलन किया जा रहा है। जिसके बाद स्पष्ट हो सकेगा कि कितने की अवैध लकड़ी पकड़ी गई है।
पांच ट्रेक्टरों से की गई लकड़ी की ढुलाई
बताया जा रहा है कि, लकडिय़ों का आकलन कर करीब 5 से अधिक ट्रैक्टर में उसकी ढुलाई की गई। जिसकी करीब 40 लाख से अधिक है। हालांकि पूरे आकलन के बाद ही कितने की अवैध लकड़ी है, इसका खुलासा हो सकेगा।
पुष्पा स्टाइल में लकड़ी की तस्करी
40 लाख का एक ट्रक सरई गोला पकड़ाया
