सक्ती। जिले के ग्राम पलाड़ी कला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। कक्षा 9वीं के छात्र ओमेश कुमार कंवर निवासी ग्राम बासीन ने छात्रावास परिसर के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र ओमेश कुमार कंवर छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रावास में लगातार प्रताडऩा का माहौल था और छात्र मानसिक दबाव में था। परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि प्रताडऩा के कारण ही छात्र ने यह कदम उठाया। बता दें कि छात्र ओमेश कुमार कंवर द्वारा छात्रावास के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। छात्र की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या इस दर्दनाक घटना को समय रहते रोका जा सकता था? यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ दिन पहले इसी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो से मुलाकात कर छात्रावास की अव्यवस्था, अनुशासन के नाम पर प्रताडऩा तथा अन्य गंभीर समस्याओं की लिखित शिकायत की थी। छात्रों ने छात्रावास के माहौल और जिम्मेदार अधिकारियों के व्यवहार को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई थी। हालांकि, छात्रों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई। अब जब एक छात्र ने आत्मघाती कदम उठा लिया है, तो शिकायतों की अनदेखी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि छात्रों की शिकायतों की समय पर निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाती, तो संभव है कि हालात इस स्तर तक नहीं पहुंचते। अब छात्र की मौत के बाद वही शिकायतें फिर चर्चा का विषय बन गई हैं और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों ने लगाए प्रताडऩा के आरोप
मृतक छात्र के परिजनों का आरोप है कि छात्र लंबे समय से मानसिक दबाव में था और छात्रावास में प्रताडऩा का सामना कर रहा था। परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक को तत्काल निलंबित कर उसके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस और प्रशासन जांच में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस, छात्रावास के अन्य छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि पूर्व में हुई शिकायतों का स्वरूप क्या था और उन पर प्रशासन ने क्या कार्रवाई की थी।
उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज
घटना के बाद परिजनों, स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, शिकायतों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब उठ रहे ये बड़े सवाल
छात्रों की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने क्या कार्रवाई की?
क्या शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई गई थी?
यदि शिकायतें सही थीं, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
क्या छात्र मानसिक दबाव में था और यदि था तो इसकी जानकारी प्रबंधन को थी?
आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि एक छात्र ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया?



