पखांजुर। अंधविश्वास की आड़ में लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का कांकेर पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। बांदे थाना पुलिस और साइबर सेल ने महज 4 दिनों के भीतर महाराष्ट्र से गिरोह के 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने साधु का वेश धारण कर पांच पैर वाले नंदी बैल के सहारे चमत्कार का झांसा दिया और घर में गड़ा सोना निकालने व परिवार की बीमारी दूर करने के नाम पर एक ग्रामीण से 4 लाख 96 हजार रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है।
मामला बांदे थाना क्षेत्र के पीवी-104 दीपनगर का है। यहां रहने वाले बलराम सरकार के घर एक व्यक्ति साधु के भेष में पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ पहुंचा। उसने दावा किया कि घर में सोना गड़ा हुआ है और विशेष पूजा कराने से परिवार की सभी परेशानियां और बीमारियां दूर हो जाएंगी। झांसे में आए पीडि़त से पहले 52 हजार रुपये और बाद में महंगी आयुर्वेदिक भस्म व विशेष पूजा के नाम पर 4 लाख 44 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। पूजा के दौरान आरोपियों ने एक कलश निकालकर उसमें सोना होने का दावा किया और डराया कि बिना अनुमति उसे खोलने पर परिवार के किसी सदस्य की मौत हो जाएगी। कुछ दिन बाद जब पीडि़त ने कलश खोला तो उसमें सोने की जगह पीतल की मूर्तियां निकलीं। इसके बाद ठगी का एहसास होने पर उसने बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही बांदे थाना पुलिस और साइबर सेल हरकत में आई। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली में दबिश देकर गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी 4 लाख 96 हजार रुपये की राशि और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद कर लिया गया।
नकली पूजा के नाम पर लाखों की ठगी, अंतरराज्यीय गैंग के 6 गिरफ्तार
साधु बनकर फैलाया अंधविश्वास, चमत्कार के नाम पर ठगी का खेल, ‘कलश में सोना’ का झांसा देकर लाखों की ठगी



