रायगढ़। जिला में एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने दुष्कर्म किया। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया और दूसरी लडक़ी से शादी की तैयारी करने लगा। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले की रहने वाली 26 वर्षीय युवती कुछ सालों से चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में रह रही थी। पीडि़ता ने 19 अप्रैल को महिला थाना में शिकायत दी। उसने बताया कि जून 2021 में मोबाइल पर रॉन्ग नंबर आने पर उसकी बातचीत आनंद सिंह नाम के युवक से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और वीडियो कॉल होने लगी, और युवक ने उसे शादी का वादा किया। इसी भरोसे पर दोनों के बीच संपर्क बढ़ता गया। इसके बाद दिसंबर 2024 में आनंद सिंह रायगढ़ आया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आनंद सिंह कई बार रायगढ़ आकर युवती के साथ संबंध बनाता रहा। जब युवती ने उससे शादी की बात की तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके साथ ही उसने युवती से बातचीत भी बंद कर दी। तभी युवती को पता चला कि आरोपी किसी दूसरी लडक़ी से शादी करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 69 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला दर्ज होने के बाद महिला थाना की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी आनंद सिंह (36) उत्तर प्रदेश के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गड़ा गौतम गांव का रहने वाला है और फिलहाल महाराष्ट्र के पुणे जिले के मरुंजी इलाके में रह रहा था। इसके बाद पुलिस की टीम पुणे भेजी गई और वहां से आरोपी को तलाश कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी पुणे से गिरफ्तार



