रायगढ़। जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोड़झरिया की प्रतिभाशाली छात्रा गिरिजा प्रधान, जो एक किसान परिवार से संबंध रखती हैं, ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 98.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप-10 सूची में पाँचवां स्थान हासिल किया है। एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर किसान परिवार से आने वाली गिरिजा की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है। गिरिजा प्रधान के पिता तुलाराम प्रधान, जो एक किसान हैं, की मेहनत और संघर्ष के बीच पली-बढ़ी इस होनहार छात्रा ने यह सिद्ध कर दिया कि कठिन परिस्थितियाँ भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।
उल्लेखनीय है कि गिरिजा प्रधान पूर्व में एनएमएमएसई परीक्षा में भी जिला स्तर पर टॉपर रह चुकी हैं, जो उनकी निरंतर मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा को शुभकामनाएँ दी हैं। बीईओ शैलेष देवांगन, एबीईओ मनीष सिन्हा एवं बीआरसीसी शैलेंद्र मिश्रा ने गिरिजा की सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके पश्चात् संकुल महलोई के वर्तमान सीएसी अनिल पंडा, प्राचार्य विजय कुमार साव, पूर्व सीएसी अर्जुन कुमार पंडा, सीएसी झलमला सीएसी श्रवण साव,पांचपारा सेवानिवृत्त शिक्षक शौकी लाल पंडा, सरपंच श्रीमती माधवी जयराम पंडा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी छात्रा की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। गिरिजा प्रधान की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पुसौर विकासखंड के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।
ग्राम बोड़झरिया के किसान की बेटी गिरिजा प्रधान ने रचा इतिहास
कक्षा 10वीं में टॉप-10 में पाँचवां स्थान प्राप्त कर बढ़ाया क्षेत्र का मान



