खरसिया। नगर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच वार्डवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे क्षेत्र में नई पानी की टंकी से विधिवत जलापूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। बताते चलें कि वार्ड नंबर 15 का मोहल्ला संजय नगर ऊंचाई पर स्थित होने की वजह से वहां तक भागीरथ नल जल योजना का पानी पाइपलाइन से नहीं पहुंच पा रहा था और वार्ड के सभी बोर लगभग सूख चुके थे जिसकी वजह से उन्हें प्रतिवर्ष पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें दूर दूर से पानी लाना पड़ रहा था और टैंकरों के आश्रित रहना पड़ रहा था। इसे देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग द्वारा अपना कार्यकाल प्रारंभ करने के साथ ही वार्ड की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 82.28 लाख की लागत से नई पानी टंकी का निर्माण प्रारंभ करवाया गया। एक वर्ष के भीतर ही निर्मित आज नई पानी टंकी से सप्लाई प्रारंभ होने पर पानी की धार मोहल्ले में पहुंचते ही वार्डवासियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए अध्यक्ष कमल गर्ग और नगर पालिका प्रशासन का आभार माना।
अध्यक्ष कमल गर्ग ने साझा की अपनी खुशी
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा – ‘भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या सबसे बड़ी चुनौती थी। सबके सहयोग और टीम वर्क से आज नई टंकी से जलापूर्ति शुरू हो गई है। नगर सरकार शहर के सर्वांगीण विकास और जन-सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’ आज वार्ड क्रमांक 15 नवीन स्कूल परिसर में निर्मित ओवरहेड टैंक का सफल परीक्षण संपन्न हुआ। इसे नगर की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके प्रारंभ होने से आसपास के चार वार्डों के नागरिकों को नियमित, स्वच्छ एवं पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, विशेष रूप से ग्रीष्म ऋतु में जब पानी की मांग अधिक होती है। यह परियोजना न केवल जल संकट को दूर करने में सहायक होगी, बल्कि नगर के समग्र विकास एवं बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। निरंतर प्रयासों के माध्यम से हम अपने नगरवासियों को हर आवश्यक सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आप सभी के सहयोग और विश्वास से ही ऐसे विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं।
वार्डों में उत्सव जैसा माहौल
जलापूर्ति शुरू होने पर वार्ड 12, 15, और 16 के वासियों ने अपनी खुशी जाहिर की। लोगों का कहना है कि नई टंकी चालू होने से अब उन्हें दूर-दराज के हैंडपंपों या टैंकरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
सटीक समय पर राहत
पारा 40 डिग्री के पार जाने से पहले ही व्यवस्था दुरुस्त। पानी सप्लाई में बेहतर दबाव और नई तकनीक से पाइपलाइन द्वारा अंतिम घर तक पहुँचेगा पानी।



