रायगढ़। जिले में अवैध खाद्य सामाग्रियों की कालाबजारी, अमूल्य खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में चावल को जब्त अवैध परिवहन की आशंका पर जब्त कर कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में 09 अप्रैल को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन की भांति प्रमुख चेक प्वाइंट्स पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान थाना चक्रधरनगर पुलिस टीम द्वारा जमुनाईन चौक में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान एक सफेद रंग की टाटा योद्धा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पीछे चावल की बोरियां लदी हुई पाई गईं। वाहन चालक जयनंद मालाकार (36 वर्ष), निवासी सेमरा थाना पुसौर से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
चावल के अवैध परिवहन की आशंका पर पुलिस ने धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए चालक के कब्जे से उक्त पिकअप वाहन सहित 60 बोरी सीलबंद चावल (प्रत्येक 50 किलोग्राम), कुल 30 क्विंटल चावल जब्त किया। मामले की अग्रिम कार्यवाही के लिए खाद्य अधिकारी रायगढ़ को सूचना दे दी गई है।
पीडीएस चावल की तस्करी, 30 क्विं. चावल से भरी पिकअप पकड़ाई



