रायगढ़। मेरा युवा भारत (माय भारत) जिला रायगढ़ छत्तीसगढ़, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान एवं जिला युवा अधिकारी वसुंधरा साहू के संरक्षण में 23 फरवरी से 27 फरवरी को होटल श्री साईं श्रद्धा रायगढ़ में पांच दिवसीय अंतर राज्यीय युवा आदान-प्रदान आवासीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के सफल संचालन एवं सहयोग कार्य हेतु रायगढ़ जिले के सक्रिय स्वयंसेवक सुशांत पटनायक, धीरज पटेल, खुशबू साहू और बिंदिया गुप्ता की भी सहभागिता रही।
इस शिविर के अंतर्गत राजस्थान के पांच जिलों – करौली, बाड़मेर, जैसलमेर, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर से कुल 34 युवा प्रतिनिधिमंडल रायगढ़ पहुँचे, जहाँ उनका पारंपरिक स्वागत तिलक चंदन एवं गुलाब का फूल देकर किया गया।
शिविर का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
आवासीय कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में अनुपम पाल भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित थे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोज श्रीवास्तव कलाविद् रायगढ़ एवं विमर्ति गुप्ता उपस्थित थे।
शिविर के दौरान युवाओं के लिए विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया जिसमें मनोज श्रीवास्तव कलाविद् रायगढ़ के द्वारा कैलीग्राफी कक्षा, भोजराम पटेल जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना जिला रायगढ़ के द्वारा भाषा आदान प्रदान कक्षा एवं छत्तीसगढ़ी लोक गीत गायन, दुर्गेश सिंह प्रधान आरक्षक एवं साइबर सेल रायगढ़ की टीम के द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता, दामोदर मिश्रा बैंक ऑफिसर के द्वारा वित्तीय जागरूकता, डॉ. शारदा घोघरे विभागाध्यक्ष मनोविज्ञान डिग्री कॉलेज रायगढ़ के द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, मनोज श्रीवास्तव कलाविद् रायगढ़ द्वारा कथक एवं रायगढ़ जिले के सांस्कृतिक कडिय़ां का बखान छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया। विषयों पर चर्चा विमर्श कर सत्र चलाए गए। विचार-विमर्श सत्र में युवाओं ने सामाजिक सरोकार, विकसित भारत /2047, कौशल विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नेतृत्व विकास जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम दौरान द्वितीय दिवस में भजन संध्या का आयोजन भी किया गया जिसमें भोजराम पटेल जिला संगठक, उग्रसेन पटेल केंद्र संचालक सौरभ श्याम संगीत सृजन केंद्र बोईरदादर रायगढ़, नवरतन सिंह बिंझवार कार्यपालिक कलाकार द्वारा अपने समूह के साथ उपस्थित होकर भजन कला के माध्यम से युवाओं के मन हो मोह लिया।
राजस्थान से आएं युवाओं को जिले के ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया गया, जिससे वे स्थानीय संस्कृति, परंपरा एवं विकास कार्यों से अवगत हो सके, इसके अंतर्गत सर्वप्रथम जिले के घरघोड़ा विकासखंड के बंजारी माता का मंदिर, लैलूंगा विकासखंड के कुर्रा गुफा, खम्हार पाकुट जलाशय, गहिरा आश्रम एवं मंदिर, जिंदल स्टील प्लांट में औद्योगिक भ्रमण, ग्राम एकताल में झारा शिल्प कला प्रदर्शन, श्री सत्यनारायण बाबा धाम रायगढ़ दर्शन इत्यादि शामिल थे।
भ्रमण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं रायगढ़ जिले के राजा देवेंद्र प्रताप सिंह ने राजस्थान के युवाओं से आत्मीय भेंट मुलाकात किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक व्यंजन – साबूदाना बड़ा, फरा, अंगाकर रोटी, ठेठरी एवं खुरमी – परोसे गए जिन्हें युवाओं ने अत्यंत पसंद किया।
पांच दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूनम सोलंकी पार्षद एवं जनप्रतिनिधि रायगढ़ एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में रविन्द्र चौबे कार्यक्रम समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़, शारदा घोघरे, मनोज श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
राजस्थान से आए युवाओं ने अपने राज्य की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य एवं कला का प्रदर्शन किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं रायगढ़ के राजा देवेंद्र प्रताप सिंह जी के साथ समूह छायाचित्र फोटो फ्रेम प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मंच संचालन का कार्य सुशांत पटनायक ने किया।
यह शिविर युवाओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ, जिसने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को और अधिक मजबूत किया।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने अपने सकारात्मक अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस आदान-प्रदान ने उन्हें नई संस्कृति को समझने, नए मित्र बनाने और राष्ट्र की विविधता में एकता को अनुभव करने का अवसर प्रदान किया।
यह कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक समन्वय का मंच बना, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रीय एकता को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में मनोज श्रीवास्तव, सुशांत पटनायक, खुशबू साहू, धीरज पटेल, बिंदिया गुप्ता, नवीन देवांगन का अथक योगदान रहा, जिला युवा अधिकारी वसुंधरा साहू द्वारा अंत में भावुक होकर आभार ज्ञापित कर इस कार्यक्रम का समापन किया गया।
अंतर राज्यीय युवा आदान-प्रदान शिविर का सफल आयोजन
राजस्थान के युवाओं का जिले के दर्शनीय स्थलों का कराया भ्रमण



